नेपाल मूल की युवती ने लगाया फंदा
राजगढ़ । नगर पंचायत राजगढ़ के वार्ड नंबर चार में एक नेपाल मूल की 19 वर्षीय युवती तृष्णा ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका अपने दस दिन के नवजात शिशु के साथ कमरे में थी। जब पड़ोस के लोगों ने बच्चे के रोने की आवाजें सुनीं और दरवाज़ा खोला, तो महिला को फंदे से लटका पाया। मृतिका का पति सुबह बाजार से सामान खरीदने और मजदूरी की तलाश में गया था। घटना की सूचना नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति सहानी ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संवाद
तालों निवासी व्यक्ति ने खा लिया जहरीला पदार्थ
नाहन। नाहन के तालों गांव निवासी एक व्यक्ति ने वीरवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन लेकर आए। यहां से गंभीर हालत में व्यक्ति को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। डीएसपी हेडक्वार्टर रमाकांत ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
महिला के घर से 96.72 ग्राम चरस बरामद
संगड़ाह। पुलिस थाना संगड़ाह की टीम ने एक महिला के घर से 96.72 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बिंदी देवी निवासी गांव भलाड़ के घर में तलाशी ली। इस दौरान कमरे से 96.72 ग्राम चरस बरामद हुई। महिला के खिलाफ पुलिस थाना संगड़ाह में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद