अवैध कटान की सूचना पर वन विभाग की टीम कर रही थी चेकपोस्ट पर वाहनों की चेकिंग
सरकारी कार्य में बाधा व हाथापाई की शिकायत दर्ज, माजरा थाना पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। वन परिक्षेत्र माजरा के तहत वन खंड घराटवाली व वन खंड सुंकरों क्षेत्र में खैर के दो पेड़ों के अवैध कटान की सूचना मिली। इसके बाद वन टीम ने चेकपोस्ट पर तैनात कर्मी को ताला नहीं खोलने व नजर रखने को कहा। वन कर्मी ने वाहनों को तलाशी के लिए रोका। दो वाहनों में सवार पांच लोगों ने वन कर्मी के साथ हाथापाई व गाली-गलौज की। इसकी शिकायत माजरा पुलिस थाना में कर दी गई है। पुलिस जांच करने में जुट गई है।
मिली जानकारी अनुसार वरिष्ठ वन रक्षक दीप राम शर्मा ने माजरा थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में कहा है कि विभाग को गुप्त सूचना मिली कि वन खंड घराटवाली व आरएफ वन खंड सुंकरों सी-13 क्षेत्र में खैर के दो पेड़ों का अवैध कटान किया गया है। लकड़ी एक पिकअप से पल्होड़ी होकर हरियाणा ले जाई जा रही है। इसके बाद टीम अलर्ट हो गई। चेकपोस्ट पर तैनात वन कर्मी इस्लाम की सूचना देकर चेकपोस्ट का ताला नहीं खोलने को कहा गया। इस बीच एक कार चे पोस्ट पर पहुंची। पल्होड़ी निवासी एक व्यक्ति मौके पर तैनात वन कर्मी को ताला खोलने को कहने लगा। इसके बाद सफेद रंग की एक पिकअप भी मौके पर पहुंची। वन कर्मी अन्य साथियों के साथ पिकअप की तफ्तीश करने लगा। इस बीच नासिर, उस्मान अली, अमजद, राशिद, लियाकत व शकील वाहनों से उतरे। वन रक्षक से हाथापाई कर चेकपोस्ट खोलने को लेकर धमकाने लगे। वन रक्षक ने जब ताला खोलने से मना किया तो धमकाने लगे। आरोप है कि वन कर्मी इस्लाम को पकड़कर बैरियर की चाबी छीनने लगे। इस दौरान हाथापाई की गई व वन कर्मी नीचे गिरा दिया। गाली-गलौज भी की गई।
डीएफओ पांवटा साहिब वेद प्रकाश ने कहा कि वन विभाग के वरिष्ठ वन रक्षक दीप राम शर्मा ने माजरा पुलिस थाना में सरकारी कार्य में बाधा व वन रक्षक इस्लाम के साथ हाथापाई व गाली-गलौज करने का मामला दर्ज करवा दिया है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि माजरा थाना पुलिस टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।