पांवटा साहिब (सिरमौर)। खनन विभाग ने पांवटा साहिब क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की है। टीम ने अवैध खनन करते पकड़े चार ट्रैक्टर संचालकों को 29500 रुपये जुर्माना किया है। खनन विभाग ने पिछले पांच दिन में एक दर्जन वाहन संचालकों से 80 हजार रुपये से अधिक जुर्माना वसूला है।
खनन विभाग को पांवटा क्षेत्र के मानपुर देवड़ा और बातामंडी नदी क्षेत्रों में अवैध खनन की सूचना मिल रही थी। खनन विभाग के निरीक्षक मंगतराम शर्मा, खनन गार्ड राजेश शर्मा और अनुज चौहान की टीम ने मौके पर पहुंच कर अवैध खनन पर शिकंजा कसा। अवैध खनन करते पकड़े गए चार ट्रैक्टरों के चालान किए गए। विभाग की टीम ने ट्रैक्टर संचालकों से 29500 रुपये जुर्माना राशि वसूली। उन्होंने अवैध खनन करने वालों को सख्त हिदायत भी दी।
खनन निरीक्षक पांवटा मंगतराम शर्मा ने कहा कि जिला खनन अधिकारी सुरेश भारद्वाज के दिशा निर्देश पर अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। अवैध खनन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी। पांच दिनों में रामपुरघाट, मानपुरदेवड़ा समेत पांवटा के विभिन्न क्षेत्रों में एक दर्जन वाहन अवैध खनन करते पकड़े जा चुके हैं। इनके संचालकों को 80 हजार से अधिक जुर्माना किया गया है। उधर, जिला खनन अधिकारी एमओ सुरेश भारद्वाज ने पुष्टि की है।
-------------