राजगढ़ (सिरमौर)। स्थानीय पुलिस ने चरस तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों से तलाशी लेने पर 855 ग्राम चरस भी बरामद की गई। दोनों मोटरसाइकिल से राजगढ़ की ओर आ रहे थे। हाब्बन के समीप मुख्य आरक्षी राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस दल ने यातायात चेकिंग के दौरान दोनों को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार हाब्बन के समीप नेहरटी संपर्क मार्ग के पास शनिवार बाद दोपहर एक मोटरसाइकिल एचपी-52ए- 3732 पर दो युवक राजगढ़ की ओर आ रहे थे। इसमें एक मुकेश पुत्र पदीराम निवासी शमोण (टपरोली) और दूसरा सनम पुत्र लच्छी राम निवासी मानवा (सनौरा) सवार थे।
दोनों की रोककर जब तलाशी ली गई तो एक कैरी बैग में रखी 855 ग्राम चरस, लोहे का एक तराजू और पीतल का दस ग्राम का बट्टा भी बरामद किया गया। डीएसपी भीष्म ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि अवैध कार्य करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस की यह मुहिम जारी रहेगी।
-------------