पांवटा साहिब (सिरमौर)। उत्तरकाशी निवासी एक 52 वर्षीय व्यक्ति किराये के कमरे में मृत पाया गया। कमरे से दुर्गंध आने के बाद पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कमरा खोला गया तो वह मृत पड़ा था। कुछ दिन पहले खर्च के लिए कंपनी से एक हजार रुपये लेकर वह कमरे में आया था लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि ह्दयघात या किसी बीमारी के कारण उसकी मृत्यु हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
ग्राम पंचायत पातलियों के प्रधान दाता राम चौहान ने बताया कि मनप्रीत सिंह के मकान में उत्तरकाशी निवासी मोहिंद्र सिंह (52) पुत्र करम सिंह करीब 4 वर्षों से किराये पर रहता था। वह स्थानीय औद्योगिक इकाई में कार्यरत था। कुछ दिन पहले कंपनी से खर्चे के लिए एक हजार रुपये लेकर आया। इसके बाद वह कंपनी में वापस नहीं गया। मंगलवार को कमरे से बदबू आने पर मकान मालिक और ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों को सूचित किया। कमरे को खोलकर देखा तो वह मृत पाया गया। इसके बाद पुलिस थाना में सूचित किया गया। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि ह्दयघात या किसी अन्य बीमारी से उसकी मौत हो गई है। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा। उधर, डीएसपी पांवटा बीर बहादुर सिंह ने पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि पातालियों गांव में मूल रूप से उत्तरकाशी निवासी मोहिंद्र सिंह (52)पुत्र करम सिंह की संदिग्ध मौत की जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा। इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है।