राजगढ़ (सिरमौर)। विकास खंड राजगढ़ के खैरी में गत 18 जून को हुई एक वृद्ध व्यक्ति की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतक बुजुर्ग के साथ शराब पीने वाला शख्स ही उसका हत्यारा निकला। पुलिस के अनुसार पहले दोनों ने साथ में बैठकर शराब पी। इस दौरान दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और यमुनानगर निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान राजपाल उर्फ पहलवान के रूप में हुई है। आरोपी खैरी के एक होटल में काम करता है। इस ब्लाइंड मर्डर को सुलझाने में पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी।
गौरतलब है कि 18 जून को खैरी में मांगन निवासी भाग सिंह (72) का खून से लथपथ शव मिला था। डीएसपी भीष्म ठाकुर ने बताया कि मृतक भाग सिंह और राजपाल उर्फ पहलवान दोनों इकट्ठे शराब पीते थे। उस दिन भी इन्होंने पहले शराब पी। उस समय इनकी कहासुनी हुई। बाद में रात को मृतक भाग सिंह, राजपाल के पास आया और उसके साथ गाली गलौच करने लगा। इस पर राजपाल ने गुस्से में आकर उसे पत्थर मारा और उसकी मौत हो गई।
डीएसपी भीष्म ठाकुर ने बताया कि इस ब्लाइंड मर्डर को सुलझाने में थाना प्रभारी बलदेव ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस दल ने अच्छा कार्य किया और सभी कड़ियां जोड़कर हत्या करने वाले राजपाल उर्फ पहलवान को गिरफ्तार किया। राजपाल घटना वाले दिन ही भाग गया था और दो दिनों बाद स्वयं वापस आया। इससे पुलिस को उस पर शक हुआ। पुलिस ने जांच को उस दिशा में लेकर आगे बढ़ाया। आखिर पुख्ता सबूत एकत्रित करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी भीष्म ठाकुर ने बताया कि उसे अदालत में पेश करके तीन दिन केे पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
...........