पांवटा साहिब / सराहां (सिरमौर)। कर्फ्यू में बढ़ाई गई पांच घंटों की ढील के बावजूद भी दुकानदार दुकानें खोलने में अपनी मनमानी कर रहे हैं। पुलिस ने दो दुकानदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार यूसुफ अली निवासी मिश्रवाला ढील के बाद अपनी परचून की दुकान खोलकर सामान बेच रहा था। इसकी शिकायत यामीन निवासी मिश्रवाला ने पुलिस थाना माजरा में की।
इस पर यूसुफ अली के विरुद्ध पुलिस थाना माजरा में जिला प्रशासन के आदेशों की अवहेलना करने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस थाना पच्छाद की पुलिस टीम ने गश्त के दौरान डिलमन सड़क पर एक दुकान शाम पौने छह बजे खुली पाई। दुकान के भीतर दुकान मालिक प्रदीप कुमार निवासी गांव लछोगड़ी मौजूद पाया गया। पुलिस ने प्रदीप कुमार के खिलाफ जिला सिरमौर में दुकानों की खोले जाने की तय समय अवधि के संदर्भ में जिला प्रशासन की ओर से दिए गए निर्देशों की अवहेलना करने पर मामला दर्ज किया है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा ने की है।