पांवटा साहिब (सिरमौर)। पुलिस थाना पांवटा साहिब, शिलाई, पुरुवाला और माजरा में दस दिनों तक संयुक्त रूप से विशेष मुहिम चलाई गई जिसमें एमवी एक्ट, अवैध खनन, कोटपा और बिना मास्क के 1346 चालान करके 3.20 लाख रुपये जुर्माना राशि वसूली गई। इस दौरान पुलिस ने सर्वाधिक चालान बिना मास्क के किए। इसमें पुलिस ने 337 चालान करके 1,68,500 रुपये जुर्माना राशि वसूली है।
जानकारी के अनुसार पांवटा, पुरुवाला, माजरा और शिलाई पुलिस थाना क्षेत्रों में दस दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया जिसमें मोटर व्हीकल एक्ट की अवहेलना करने पर 620 वाहनों के चालान करके 16400 रुपये जुर्माना वसूला गया।
अवैध खनन करते पकड़े गए 20 वाहनों के संचालकों से 98000 रुपये जुर्माना वसूला। जबकि सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने पर कोटपा एक्ट के तहत 369 लोगों के चालान कर 37000 रुपये जुर्माना किया गया। सबसे ज्यादा जुर्माना राशि बिना मास्क के घूमने वाले 337 लोगों से वसूली गई। उनको 1,68,500 रुपये जुर्माना किया गया।
डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि चारों थाना क्षेत्रों में दस दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया जिसमें कुल 1346 चालान कर 3,19,900 रुपये जुर्माना राशि वसूली गई है।