नौहराधार (सिरमौर)। नौहराधार उपमंडल में एक टिपर गहरी खाई में जा गिरा। लोगों ने चालक को खाई से निकालकर राजगढ़ अस्पताल पहुंचाया जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की छानबीन की जा रही है।
जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार देर शाम को नौहराधार-लानाचेता मार्ग पर पेश आया। यहां एक टिपर मानल गांव के समीप सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। ग्रामीणों ने चालक को खाई से निकालकर राजगढ़ अस्पताल पहुंचाया जहां उसने दम तोड़ दिया।
चालक की पहचान 32 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों में संजीव और विपन ने बताया कि वह टिपर के पीछे ही कार में सफर कर रहे थे। आगे चल रहे टिपर के नीचे से कच्चा डंगा टूट गया। इसके कारण टिपर खाई में जा गिरा। टिपर में लानाचेता में सड़क पर लगने वाली टाइलें लदी थीं। लोगों ने इस हादसे के लिए लोनिवि को जिम्मेवार ठहराया है। उनका कहना है कि लोनिवि ने कच्चे डंगे सड़क पर लगाए हैं जो अब बरसात में गिरने शुरू हो गए हैं। बहरहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की तलाश में जुटी हुई है।
कानूनगो बोगधार सुरेंद्र सिंह ने पीड़ित परिवार को दस हजार रुपये की फौरी मदद की है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी डॉ. केसी शर्मा ने कहा कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की तलाश में जुटी है।
---------