(सिटी स्पोर्टस)
पूर्व ऊर्जा मंत्री और विधायक सुखराम चौधरी ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
नगर परिषद खेल मैदान पांवटा में 5वीं वीके चौधरी डे नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांचवीं वीके चौधरी मेमोरियल डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का नगर परिषद खेल मैदान में आगाज हो गया है। पूर्व ऊर्जा मंत्री और स्थानीय विधायक सुखराम चौधरी ने प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। शुरुआती मैच में गोल्डी एकादश कुंजा ने बांगरन बाईपास टीम को हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश प्राप्त कर लिया है।
प्रतियोगिता के संयोजक नवनीत चौधरी ने बताया कि पांचवीं वीके चौधरी मेमोरियल कोस्को गेंद क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें भाग ले रहीं हैं। प्रतियोगिता में टीमों का प्रवेश निशुल्क रखा गया है। विजेता टीम को 25 हजार और ट्राॅफी तथा उपविजेता रहने वाली टीम को 11 हजार इनाम राशि और रनर ट्राॅफी प्रदान की जाएगी। प्रथम मैच में बांगरन बाईपास टीम ने निर्धारित छह ओवर में 4 विकेट गंवा कर 49 रनों का स्कोर किया। जवाब में गोल्डी एकादश कुंजा की टीम ने केवल एक विकेट गंवा कर ही मात्र 3.3 ओवर में ही 53 रन बना कर मैच जीत लिया है। टीम ने प्रतियोगिता के अगले चरण में प्रवेश प्राप्त कर लिया है।
दूसरे मैच में पांवटा फिजिकल अकादमी ने 6 ओवर में तीन विकेट गंवा कर 64 रनों का स्कोर किया। जवाब में हरिपुर टोहाना की टीम ने 5.2 ओवर में पांच विकेट गंवा कर जीत दर्ज कर दूसरे चरण में स्थान पक्का कर लिया।
मुख्यातिथि विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने को इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन होना जरूरी है। सभी युवा खेलकूद में शिक्षा में अग्रणी रहें। इस दौरान विभिन्न टीमों के कोच, खिलाड़ी तथा आयोजन समिति सदस्य मौजूद रहे।
संवाद