ददाहू- पनार मार्ग पर सड़क के बीचोबीच आई दरारें के चलते बंद की गई सड़क। संवाद
भवन निर्माण के लिए कटिंग से हुई समस्या, रिहायशी मकानों को खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू ( सिरमौर)। रेणुकाजी-नाहन सड़क पर निजी भवन के निर्माण के चलते लेकर ददाहू-पनार मार्ग में दरारें आ गई हैं। इसके चलते वीरवार दोपहर को मार्ग को बंद करना पड़ा। खतरे की आशंका को देखते हुए रेणुका पुलिस ने बैरिकेड लगाकर सड़क को बंद कर दिया। मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है।
भवन निर्माण को लेकर जहां पर मार्ग में दरारें आई हैं, वहीं करीब आधा दर्जन रिहायाशी मकानों को भी खतरा हो गया है। भू-स्वामी ने पहाड़ की कटिंग करने के बाद सड़क की रोकथाम के लिए डंगे का निर्माण करना उचित नहीं समझा। अब सड़क के ऊपर की ओर बसे लोगों की नीदें हराम हो गई हैं।
दरअसल, वर्ष 2023 में आई प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी इसी स्थान पर सड़क का एक बड़ा भाग ढह गया था। यहां कई दिनों तक मार्ग को बंद रहा। बाद में विभाग ने डंगे का निर्माण कर सड़क को बहाल किया, लेकिन ऐसी स्थिति डेढ़ वर्ष बाद फिर से दिखाई दे रही है। खतरे की आशंका को देखते हुए जहां सड़क को बंद कर दिया है वहीं भी लोक निर्माण विभाग ने भवन स्वामी को नोटिस भी जारी किया है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक दिलीप चौहान ने बताया कि भवन मालिक को नोटिस दिया जा चुका है। इस बारे में पुलिस को भी सूचित किया है। सड़क के नुकसान का खर्चा भवन मालिक से वसूला जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस में मामला दर्ज करवाया जाएगा।