डाइट नाहन में तैयार की जा रही योजना, जिला समन्वयक दे रहे सहयोग
शिक्षा में गुणवत्ता, इन्फ्रास्ट्रक्चर समेत दूसरी योजनाओं का बजट रहेगा शामिल
पंकज तन्हा
नाहन (सिरमौर)। समग्र शिक्षा सिरमौर ने वर्ष 2025-26 के लिए वार्षिक योजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसे जल्द तैयार कर राज्य समग्र शिक्षा को प्रेषित किया जाएगा। वहां से प्रदेश के सभी जिलों से मिली प्रपोजलों की कंसोलिडेटिड (समेकित) योजना तैयार कर इसे केंद्र सरकार को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। ये योजना करोड़ों में होगी।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) नाहन में शिक्षा उपनिदेशक (गुणवत्ता) एवं जिला परियोजना अधिकारी रीता गुप्ता के नेतृत्व में वार्षिक योजना तैयार की जा रही है। इसमें जिला समन्वयक भी सहयोग दे रहे हैं।
वार्षिक योजना में स्कूलों में आधारभूत ढांचा समेत अन्य सुविधाओं को शामिल किया जा रहा है। इसमें शिक्षा में गुणवत्ता लाने, स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, शिक्षकों, मुख्याध्यापकों और प्रधानाचार्यों के प्रशिक्षण और व्यवसायिक शिक्षा आदि कई योजनाएं शामिल की जा रही हैं।
इसके साथ ही प्री प्राइमरी शिक्षा का बजट भी इसमें शामिल रहेगा। बता दें कि हर साल कई स्कूलों में प्री प्राइमरी शिक्षा शुरू करने के लिए बजट योजना के तहत ग्रांट मांगी जाती है। इसके साथ नए स्कूलों में व्यवसायिक शिक्षा शुरू करने के लिए भी राज्य समग्र शिक्षा विभाग से बजट की डिमांड की जाती है। इन सभी चीजों के लिए बजट को भी वार्षिक योजना में शामिल किया जा रहा है।
इसके अलावा इस बार कई नई योजनाएं भी वार्षिक योजना में शामिल हो सकती हैं। इसमें चुनौती पूर्ण छात्रों और निराश्रित बच्चों की पढ़ाई करवाने और शिक्षकों के लिए एक्सपोजर भ्रमण भी शामिल किया जा सकता है। छठीं से आठवीं तक प्री वोकेशनल शिक्षा शुरू की गई है। इसके लिए भी बजट की डिमांड को वार्षिक योजना में शामिल किया जाना है। इसके अलावा दिव्यांग बच्चों के लिए चिकित्सा शिविर, व्हीलचेयर, नए स्कूल भवन, पुराने भवनों की मरम्मत समेत अन्य कार्यों के बजट को वार्षिक योजना में तैयार किया जा रहा है।
वर्ष 2025-26 के लिए वार्षिक योजना तैयार की जा रही है। इसकी प्रपोजल जल्द शिमला भेज दी जाएगी।
-रीता गुप्ता, शिक्षा उपनिदेशक एवं जिला परियोजना अधिकारी