राजगढ़ में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते संत गोपेश कृष्ण दास। संवाद
-संत गोपेश कृष्ण दास ने लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील की
-पहले दो चरणों में 20 करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का दावा, अब 31 करोड़ नए हस्ताक्षर जोड़ने का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। गो सम्मान अभियान के तहत हिमाचल प्रदेश में लोगों के हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन 17 दिसंबर को मुख्य सचिव को सौंपा जाएगा। मलूक पीठ वृंदावन से आए संत गोपेश कृष्ण दास ने प्रदेशवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में संत गोपेश कृष्ण दास ने बताया कि अभियान के पहले दो चरणों में देशभर से 20 करोड़ लोगों के हस्ताक्षर जुटाकर उनके ज्ञापन प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों को भेजे जा चुके हैं। अब अभियान के अगले चरण में 31 करोड़ नए हस्ताक्षर जुटाकर प्रार्थना पत्र सौंपने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमाचल में 17 दिसंबर को प्रदेश के लोगों के हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन मुख्य सचिव को दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गोमाता को राष्ट्रमाता अथवा राष्ट्र आराध्या का सम्मान देने, केंद्रीय गोसेवा मंत्रालय बनाने और इस संबंध में केंद्रीय कानून लागू करने की मांग उठाई जा रही है।-