त्योहारों की खुशियां मनाने की तैयारियों के बीच शिलाई क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं। शिलाई-रोहनाट सड़क पर भटनोल के समीप रविवार देर रात एक ब्रेजा कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पिता और आठ वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि उनकी 10 वर्षीय बेटी रातभर लापता रहने के बाद सोमवार सुबह सुरक्षित मिल गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से शिलाई और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। वहीं, रातभर बेटी का पता न चलने से परिजन और ग्रामीण उसकी सलामती को लेकर चिंतित रहे। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर सभी ने राहत की सांस ली।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा रविवार रात करीब 11:30 बजे गांव कांडो-भटनोल के पास हुआ। गांव कमोटा निवासी 40 वर्षीय सोहन सिंह अपनी ब्रेजा कार (एचपी 85-0365) में बेटे शिवांशु ठाकुर (8) और बेटी अन्वी ठाकुर (10) के साथ जा रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सोहन सिंह और उनके बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी अन्वी का कोई पता नहीं चल पाया। सूचना मिलने पर शिलाई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने रातभर बच्ची की तलाश की। काफी प्रयासों के बाद सोमवार सुबह घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर बच्ची सुरक्षित मिली। उसे हल्की चोटें आई हैं और उपचार के लिए सिविल अस्पताल शिलाई पहुंचाया गया।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिलाई को पुलिस टीम के साथ मौके पर भेजा गया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्ची भी कार के साथ खाई में गिरी थी। आशंका है कि वह पिछली सीट पर बैठी थी और खिड़की से बाहर निकलकर घटनास्थल से चली गई। हालांकि, अभी बच्ची के बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। उसके बयान दर्ज होने के बाद ही हादसे के घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।