- 11 नवंबर 2019 को पांवटा साहिब का मामला, एमएसीटी पीठासीन अधिकारी कपिल शर्मा ने सुनाया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। मोटरसाइकिल की लापरवाही से हुए सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) ने 24.01 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। यह फैसला एमएसीटी के पीठासीन अधिकारी कपिल शर्मा ने सुनाया। आदेश दिया है कि यह मुआवजा राशि नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, तहसील पांवटा साहिब (बीमा कंपनी) को भुगतान अदा करनी होगी। साथ ही याचिका दायर करने की तिथि से भुगतान तक 24,01,520 लाख रुपये 7.5 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने के भी निर्देश दिए गए हैं। पीड़ित व्यक्ति एक निजी कंपनी में पर्यवेक्षक थे।
मामला 11 नवंबर 2019 का है। तहसील पांवटा साहिब के शिव राज सुबह 6:15 बजे सड़क पर पैदल चल रहे थे। दुर्गा कॉलोनी, तारुवाला के पास एक मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया और बायं हाथ में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद घायल का सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, देहरादून और चंडीगढ़ के सेक्टर-7 अस्पताल में चला। दलील दी गई कि दुर्घटना में लगी चोटों के कारण वे विकलांग हो गए हैं।
न्यायालय में पेश साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर न्यायाधिकरण ने माना कि दुर्घटना मोटरसाइकिल चालक की लापरवाही से हुई। अदालत ने यह भी पाया कि हादसे के समय चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस था। इससे बीमा कंपनी की जिम्मेदारी बनती है।