रोनहाट (सिरमौर)। लाधी क्षेत्र के केंद्र बिंदु रोनहाट में बस स्टैंड पर छोटे वाहनों के अवैध कब्जे ने बस चालकों की नाक में दम कर दिया है। बसों के लिए चिह्नित जगह पर छोटे वाहन चालक अपनी गाड़ियां खड़ी कर गायब हो रहे हैं, जिससे एचआरटीसी और निजी बस चालकों को बसें मोड़ने और खड़ी करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हैरानी की बात यह है कि बस स्टैंड पर ‘नो पार्किंग’ के बोर्ड लगे होने के बावजूद छोटे वाहन चालक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। चालकों का आरोप है कि इन वाहन चालकों में पुलिस प्रशासन का कोई खौफ नहीं रह गया है। बस चालक राजेंद्र सिंह, मदन सिंह, कर्ण, दिनेश और सीता राम ने बताया कि हर रोज बस स्टैंड पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण जाम जैसी स्थिति बन जाती है। घंटों इंतजार के बाद भी जब वाहन मालिक नहीं मिलते, तो बसें सड़क के बीच खड़ी करने की मजबूरी बन जाती है।
स्थानीय निवासियों और बस चालकों ने जिला पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रोनहाट बस स्टैंड पर पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए और अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के चालान काटे जाएं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो समस्या और गंभीर हो सकती है।