पति को झटका : पत्नी-बेटे को हर माह गुजारा भत्ता देने का आदेश
- फैमिली कोर्ट का फैसला, पत्नी और बच्चे को हर महीने 6 हजार रुपये देने का आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)।
पत्नी और नाबालिग बेटे को छोड़ने वाले पति को फैमिली कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। फैमिली कोर्ट के अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश कपिल शर्मा की अदालत ने पति को हर महीने 6 हजार रुपये गुजारा भत्ता (मेंटेनेंस) देने का आदेश जारी किया है। अदालत ने निर्देश दिए कि पति को यह तय राशि आदेश की तारीख (1 अप्रैल 2026) से देनी होगी।
पीड़ित सानिया ने पति इरशाद के खिलाफ गुजारा भत्ता पाने के लिए याचिका दायर की थी। महिला का आरोप था कि शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया गया और आखिरकार उसे घर से निकाल दिया गया। महिला ने यह भी बताया कि वह अपने छोटे बच्चे के साथ मायके में रहने को मजबूर है। उसके पास आय का कोई साधन नहीं है। वहीं, पति ने सभी आरोपों को झूठा बताया। उसने कहा कि पत्नी खुद घर छोड़कर गई। अदालत ने सुनवाई के दौरान पाया कि पत्नी को वास्तव में पति ने नजरअंदाज किया। इससे पत्नी का मायके में रहना मजबूरी थी। कोर्ट ने यह भी माना कि पति सक्षम होने के बावजूद पत्नी और बच्चे की देखभाल नहीं कर रहा था। इसी आधार पर अदालत ने याचिका स्वीकार करते हुए पति को आदेश दिया कि पत्नी को 3,500 प्रति माह और नाबालिग बेटे को 2,500 प्रति माह देगा।