दिल्ली की बायोडेफ हेल्थ केयर कंपनी
से 2.82 लाख रुपये की वसूली का आदेश
- सीनियर सिविल जज ने सुनाया फैसला, 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित अदा करने के भी निर्देश
- साल 2023 को कालाअंब क्षेत्र का मामला, प्रतिवादी ने दवा निर्माता कंपनी से उधार खरीदी थी दवाइयां
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। अदालत ने एक वसूली मामले में फैसला सुनाते हुए दवा निर्माता कंपनी के पक्ष में डिक्री पारित की है। वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश उपासना शर्मा की अदालत ने प्रतिवादी कंपनी को 2,82,918 की राशि 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित अदा करने का आदेश दिया है।
यह मामला साल 2023 में कालाअंब क्षेत्र का है। वादी कंपनी जेएमएम फॉर्मुलेशन प्राइवेट लिमिटेड ने दक्षिण दिल्ली स्थित बायोडेफ हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ बकाया राशि की वसूली के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। कंपनी का आरोप था कि प्रतिवादी ने उनसे करीब 12,12,088 लाख रुपये की दवाइयां खरीदीं। इनमें से 9,29,170 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि 2,82,918 लाख रुपये की राशि बकाया रह गई। वादी पक्ष के अनुसार कई बार संपर्क और कानूनी नोटिस भेजने के बावजूद प्रतिवादी ने भुगतान नहीं किया। इसके चलते मामला अदालत में दायर किया गया।
सुनवाई के दौरान प्रतिवादी बार-बार अनुपस्थित रहा, जिसके चलते अदालत ने उसे एक्स-पार्टी घोषित कर दिया। वादी ने अपने दावे के समर्थन में बिल, लेजर, ई-वे बिल और अन्य दस्तावेज पेश किए। अदालत ने सभी तथ्यों और साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद पाया कि वादी का दावा सही है। हालांकि, अदालत ने 16 प्रतिशत ब्याज की मांग को अधिक मानते हुए इसे घटाकर 12 प्रतिशत वार्षिक कर दिया। अब, अदालत ने वादी कंपनी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए बकाया राशि ब्याज सहित अदा करने के निर्देश दिए हैं।