चरस मामले के आरोपी को सोशल मीडिया खातों की
जानकारी पुलिस को उपलब्ध करवाने के सुप्रीम आदेश
- सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सत्र न्यायालय ने आरोपी को 2 लाख के मुचलके पर दी रिहाई, उल्लंघन करने पर जमानत रद्द
- साल 2024 को एसआईयू टीम ने बरामद की थी 1.156 किलोग्राम चरस
- जेल प्रशासन को आरोपी को तुरंत रिहा करने का आदेश
दीपक मेहता
नाहन (सिरमौर)।
मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के एक चर्चित मामले में आखिरकार आरोपी को जमानत मिल गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद सत्र न्यायालय ने आरोपी लक्ष्मी दत्त (46), निवासी तहसील ददाहू को जमानत पर रिहा करने का आदेश जारी किया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि जमानत शर्तों के तहत आरोपी को अपना मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, ईमेल आईडी और सोशल मीडिया खातों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध करवानी होगी। किसी भी शर्त का उल्लंघन करने पर उसकी जमानत तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी जाएगी।
यह मामला 17 दिसंबर 2024 को पुलिस थाना सदर नाहन में दर्ज हुआ है। पुलिस की एसआईयू टीम ने जमटा-राजगढ़ मार्ग पर गश्त के दौरान चाकली के पास नाकेबंदी कर रही थी। इसी दौरान महीपुर की ओर से आ रही एक बाइक की तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 1.156 किलोग्राम चरस बरामद हुई थी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 25 के तहत मामला दर्ज किया था। मामले में सुप्रीम कोर्ट के 8 अप्रैल 2026 को सुनवाई के दौरान आरोपी को जमानत देने के निर्देश दिए। इसी के आधार पर विशेष न्यायाधीश ने आरोपी को 2 लाख रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के दो जमानतदारों पर रिहा करने के आदेश दिए।
अदालत ने आरोपी की रिहाई के साथ कई कड़ी शर्तें भी लागू की हैं। आरोपी को हर सुनवाई में कोर्ट में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। इसके अलावा आरोपी को किसी भी गवाह को प्रभावित न करने, भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने और बिना सूचना सात दिन से अधिक समय तक अपने पते से बाहर न रहने के निर्देश दिए गए हैं।
न्यायालय ने जेल प्रशासन को आदेश दिया है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आरोपी को तुरंत रिहा किया जाए, बशर्ते वह किसी अन्य मामले में वांछित न हो। संवाद