सड़क हादसे में घायल को मिलेगा 1.10 लाख मुआवजा
13 अक्टूबर 2020 को पांवटा साहिब का मामला, एमएसीटी पीठासीन अधिकारी कपिल शर्मा ने सुनाया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। सड़क हादसे में घायल नाबालिग को मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) ने 1.10 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। यह फैसला एमएसीटी के पीठासीन अधिकारी कपिल शर्मा ने सुनाया। आदेश दिया है कि यह मुआवजा राशि मोटरसाइकिल चालक सुरजीत सिंह और मालिक सुरेंद्र, दोनों कंशीपुर निवासी को संयुक्त रूप से भुगतान अदा करनी होगी। साथ ही याचिका दायर करने की तिथि से भुगतान तक 7.5 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने के भी निर्देश दिए गए हैं।
मामला 13 अक्टूबर 2020 का है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रहने वाले 16 वर्षीय आजम खान उस समय साइकिल से जा रहे थे। पांवटा साहिब क्षेत्र के जोहड़ों गांव में सब्जी की दुकान के पास मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में आजम के दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया और घुटने में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद घायल का सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, उत्तर प्रदेश के बेहट और हरियाणा के जगाधरी स्थित निजी अस्पताल में उपचार चला।
न्यायालय में पेश साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर न्यायाधिकरण ने माना कि दुर्घटना मोटरसाइकिल चालक की लापरवाही से हुई। अदालत ने यह भी पाया कि हादसे के समय चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। इससे बीमा कंपनी की जिम्मेदारी नहीं बनती।
संवाद