आरोपी की पेशी, गवाह की तबीयत बिगड़ने से बयान अधूरा
नाहन। सत्र न्यायालय में राज्य बनाम आदित्य उर्फ लवली और अन्य मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान आरोपी आदित्य को पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया, जबकि बाद में उसे अदालत में शारीरिक रूप से प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के दौरान आरोपी पक्ष ने जांच अधिकारी के बयान के समय आरोपी की शारीरिक उपस्थिति की मांग की।
दोपहर बाद की कार्यवाही में आरोपी को अदालत में पेश किया गया। इस दौरान एक अन्य गवाह अमर दत्त का बयान शुरू हुआ, लेकिन बीच में ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। गवाह ने अस्वस्थता का हवाला देते हुए आगे बयान देने में असमर्थता जताई। इस पर अदालत ने उनकी शेष गवाही को 21 मई तक टाल दिया। अदालत ने गवाह अमर दत्त को अगली तारीख पर उपस्थित होने के लिए समन जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए अगली सुनवाई पर पेश करने का आदेश दिया।
संवाद