8.60 लाख के चेक बाउंस मामले में आरोपी महिला बरी
नाहन (सिरमौर)।
अदालत ने चेक बाउंस के एक मामले में आरोपी महिला को दोषमुक्त कर दिया है। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी उपासना शर्मा ने कहा कि शिकायतकर्ता आरोपी के खिलाफ कानूनी रूप से देय ऋण साबित करने में असफल रही।
यह मामला दिसंबर 2018 को प्रतिभा बनाम मोनिका का है। शिकायतकर्ता नाहन निवासी डॉ. प्रतिभा का आरोप था कि सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) की मोनिका जुनेजा ने उनसे 8 लाख 60 हजार रुपये का घरेलू ऋण लिया था और भुगतान के लिए दो चेक दिए, जो बैंक में प्रस्तुत करने पर अपर्याप्त धनराशि के कारण बाउंस हो गए।
शिकायतकर्ता ने अदालत में बताया कि आरोपी से उनकी पहचान थी और निर्धारित समय पर राशि वापस न मिलने पर चेक जमा किए गए। आरोपी महिला ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यह रकम किसी ऋण के रूप में नहीं, बल्कि क्रिप्टो करेंसी में निवेश से जुड़ी थी और चेक केवल सुरक्षा के तौर पर दिए गए थे। अदालत में सुनवाई के दौरान यह तथ्य सामने आया कि शिकायतकर्ता ऋण राशि देने के संबंध में स्पष्ट और ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सकीं।
बैंक खातों के विवरण और गवाही में विरोधाभास पाए गए। इसके अलावा, कथित ऋण देने की तारीख और माध्यम को लेकर भी संदेह उत्पन्न हुआ। अदालत ने फैसले में कहा कि चेक बाउंस के मामले में कानूनी देनदारी का साबित होना अनिवार्य है, जो इस प्रकरण में नहीं हो पाया। ऐसे में आरोपी के खिलाफ आरोप सिद्ध नहीं होते।