बुजुर्ग की हत्या के आरोप में मां-बेटे दोषमुक्त
मेडिकल रिपोर्ट में दिल का दौरा मौत की वजह
साल 2017 में पांवटा साहिब का मामला, दो पक्षों के बीच हुए भूमि विवाद में बुजुर्ग की हो गई थी मौत
हत्या का आरोप नहीं हो पाया साबित, कोर्ट ने मारपीट में ठहराया दोषी, सजा की मात्रा पर 23 जनवरी को सुनवाई
दीपक मेहता
नाहन (सिरमौर)।
करीब नौ साल पहले भूमि विवाद को लेकर हुए झगड़े में बुजुर्ग की मौत के मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने मां-बेटे को गैर इरादतन हत्या और गलत तरीके से रोकने के आरोपों से बरी करते हुए केवल मारपीट के अपराध में दोषी ठहराया है। अब दोषियों की सजा की मात्रा पर सुनवाई 23 जनवरी को निर्धारित की गई है। मेडिकल रिपोर्ट में बुजुर्ग की मौत का कारण दिल का दौरा बताया गया। इससे हत्या का आरोप साबित नहीं हो पाया।
यह मामला 17 मार्च 2017 को पांवटा साहिब थाना में पंजीकृत है। अभियोजन पक्ष के अनुसार हरिपुर टोहना गांव में खेत में गन्ना बोते समय दो पक्षों के बीच मेड़ (बन्ना) को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस दौरान विवाद बढ़ गया और बीच बचाव में बुजुर्ग जसवंत सिंह के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। बाद में उन्हें उपचार के लिए निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी रणजीत और उसके बेटे हरप्रीत के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के तहत मामले की जांच की। सुनवाई के दौरान चिकित्सा साक्ष्यों में यह सामने आया कि मृतक की मौत दिल का दौरा (मायोकार्डियल इंफार्क्शन) पड़ने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर बाहरी चोटों का अभाव पाया गया। न्यायाधीश कपिल शर्मा ने सभी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का विश्लेषण करने के बाद आरोपियों को आईपीसी की धारा 304, 341 और 34 के तहत दोषमुक्त कर दिया। हालांकि, मारपीट के आरोप में दोनों आरोपियों को आईपीसी की धारा 323 के तहत दोषी ठहराया गया। वहीं, अदालत ने अब दोषियों को सीधे सजा सुनाने के बजाय परिवीक्षा अधिकारी की रिपोर्ट तलब की है।
दुकान छोड़कर मौके पर पहुंचे थे मृतक
शिकायतकर्ता सुखबीर सिंह परिवार के दो सदस्यों के साथ अपने खेत में गन्ने की बुवाई कर रहे थे। सुबह लगभग 9 बजे रणजीत और हरप्रीत वहां आए। उससे पूछा कि उन्होंने खेत की सीमा रेखा (बन्ना) क्यों उखाड़ दी है। इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ। शोर सुनकर सुखबीर के पिता जसवंत सिंह (मृतक) भी दुकान से मौके पर पहुंच गए। आरोप लगे थे कि रणजीत ने उन्हें कॉलर से पकड़ कर जमीन पर धक्का दे दिया। थप्पड़, मुक्के और लात मारकर पीटा गया। कुछ देर बाद उन्हें आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद केले पर बिठा दिया था, लेकिन जसवंत सिंह आगे की ओर जमीन पर गिर गए।
संवाद