नाहन (सिरमौर)। आयुष विभाग नाहन ने शनिवार को आयुष घर द्वार वेलनेस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान आयुष विभाग नाहन से डॉ. ममता जैन, डॉ. नरेश चौहान, मुख्य फार्मासिस्ट योगेंद्र चौहान और दया सिस्टर ने कोरोना संक्रमित लोगों के घर पर दस्तक दी। उन्होंने घर पर आइसोलेट मरीजों के स्वास्थ्य का हाल जाना और मुफ्त दवाइयां भी वितरित कीं। उन्होंने वार्ड नंबर दो और आठ के घर पर आइसोलेट मरीजों के स्वास्थ्य का हाल जाना और मुफ्त दवाइयां भी वितरित कीं।
बता दें कि आयुष विभाग ने कोरोना मरीजों के लिए आयुष घर द्वार वेलनेस कार्यक्रम शुरू किया है जिसका शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने किया है। आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के सहयोग से किए जा रहे इस कार्यक्रम का लाभ उन कोरोना संक्रमित मरीजों को मिलेगा जो कि विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में उपचाराधीन और घर पर आइसोलेट हैं।
नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद पारीक ने बताया कि इस अभियान में दोनों वार्डों के 77 मरीजों को उनके घर द्वार पर जाकर दवाइयां दी जा रही हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों को आयुष 64, अगस्त्य हरीतकी, संजीवनी, श्वास कुठार रस, अमृत द्रव सहित 18 प्रकार की औषधियां लक्षणों के अनुसार वितरित की जा रही हैं। संक्रमितों की नियमित निगरानी के लिए चिकित्सकों की एक टीम गठित की गई है जो कि बीमारों से नियमित संपर्क में रहेगी।
टीम में आयुर्वेद के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. नरेश चौहान और डॉ. जयदीप सहित डॉ. रेनू और डॉ. ममता जैन डोर टू डोर जाकर रोगियों को अपनी निगरानी में दवा वितरित कर रहे हैं। इसके साथ ही चीफ फार्मासिस्ट योगेंद्र, हेमंत शर्मा और सरिता सहित नर्स दया देवी और सुनीता देवी अभियान में जुटी हैं। इस दौरान चिकित्सकों ने मरीजों को आहार-विहार और पथ्य-अपथ्य की जानकारी के साथ-साथ सकारात्मक रखने के लिए योग एवं प्राणायाम की सलाह भी दी जा रही है।
---------------