जिला सिरमौर के नाहन में कोरोना कर्फ्य के दौरान सुनसान पड़ा बाजार।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। कोरोना कर्फ्यू के बीच दो दिन के बंद से सिरमौर के बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। दूध और फल-सब्जी को छोड़कर अन्य तमाम दुकानें बंद रहीं। शुक्रवार को ही लोगों ने जरूरी वस्तुओं की खरीदारी कर ली थी।
शनिवार को तमाम बाजार बंद रहे। हालांकि, सुबह राशन की दुकानें खुल रही थीं। कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें भी खोली थीं लेकिन बाद में बंद कर दी गई। दिनभर बाजार में पुलिस टीम गश्त करती रही। हालांकि बाजारों के बाहर गलियों की दुकानों में चोरी छुपे भी लोग दुकानों से सामान बेचते हुए देखे गए।
सिरमौर जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में पिछले करीब एक सप्ताह से हालांकि कमी आई है लेकिन संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए कोरोना कर्फ्यू अभी जारी है। पांच दिन बाजार खुले रहने के बाद शनिवार और रविवार को बाजार बंद हो गए। साप्ताहिक लॉकडाउन का पूरे जिले में लोगों ने पालन किया। जिले में 10 फीसदी दुकानें ही खुल पाई। यहां तक कि राशन की दुकानें भी आज बंद रहीं।
दूध और सब्जियों की दुकानों के अलावा किसी भी दुकान को खोलने की अनुमति नहीं दी गई। सुबह से ही बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। नाहन शहर के अलावा पांवटा साहिब, शिलाई, कफोटा, राजगढ़, सराहां, ददाहू, संगड़ाह, हरिपुरधार, नौहराधार आदि इलाकों में बाजार बंद रहे। जरूरी वस्तुओं में भी दूध और सब्जी के अलावा कोई दुकान नहीं खुली। उपायुक्त डॉ. आरके परूथी ने बताया कि संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए सामाजिक दूरी का नियम बनाए गए हैं। इनका पालन करना बेहद जरूरी है। सामाजिक दूरी, मास्क पहनना, हाथों को बार-बार धोना और भीड़भाड़ में जाने से बचना होगा।
-----------------