पांवटा साहिब (सिरमौर)। 30 मई को एक ट्रक से बरामद की गई 303 किलोग्राम गांजा तस्करी का भंडाफोड़ करने वाली सिरमौर पुलिस ने इसी मामले से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए युवक से 40.944 किलोग्राम गांजा भी बरामद किया है। इस मामले में यह चौथी गिरफ्तारी है। इससे पहले तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए थे। आरोपी ने यह गांजा हरिपुर टोहाना के जंगल में दबाकर रखा हुआ था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गांजा की खेप को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है।
गौरतलब है कि पुरुवाला पुलिस की टीम ने 30 मई की रात 303 किलोग्राम गांजा की खेप बरामद की थी। एक ट्रक में करोड़ों रुपये का गांजा उत्तर पूर्वी राज्य से उत्तराखंड के रास्ते हिमाचल की ओर लाया जा रहा था। पुलिस ने पांवटा साहिब-भंगानी सड़क पर शिवपुर के पास देर रात तक पुलिस नाका लगाकर इसका भंडाफोड़ किया था।