नाहन में कड़ी धूप में छाता लेकर सब्जी बेचता एक सब्जी विक्रेता।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। साप्ताहिक लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार को भी सिरमौर के बाजार बंद रहे। दूध और सब्जी के अलावा कोई अन्य दुकान नहीं खुली। कर्फ्यू के दौरान दुकान खोलकर सामान बेचने वाले एक दुकानदार पर पुलिस ने पांच हजार रुपये का जुर्माना किया। नाहन के बड़ा चौक में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। कोरोना कर्फ्यू के बीच दो दिन के बंद के दौरान रविवार को भी सिरमौर के बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
सिरमौर जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में पिछले करीब एक सप्ताह से हालांकि कमी आई है लेकिन संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए कोरोना कर्फ्यू अभी जारी है। पांच दिन बाजार खुले रहने के बाद शनिवार और रविवार को बाजार बंद रखने के आदेश हैं।
साप्ताहिक लॉकडाउन का पूरे जिले में लोगों ने पालन किया गया। जिले में 10 फीसदी दुकानें ही खुल पाई। यहां तक कि राशन की दुकानें भी बंद रहीं। दूध और सब्जियों की दुकानों के अलावा किसी भी दुकान को खोलने की अनुमति नहीं दी गई। सुबह से ही बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। नाहन शहर के अलावा पांवटा साहिब, शिलाई, कफोटा, राजगढ़, सराहां, ददाहू, संगड़ाह, हरिपुरधार, नौहराधार आदि इलाकों में बाजार बंद रहे। जरूरी वस्तुओं में भी दूध और सब्जी के अलावा कोई दुकान नहीं खुली। उपायुक्त डॉ. आरके परूथी ने बताया कि पिछले कुछ सप्ताह से
सिरमौर में संक्रमण के मामलों में कमी आई है। यह संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए कोरोना कर्फ्यू का ही परिणाम है। लिहाजा, हमें कर्फ्यू का पूरी तरह से पालन करना चाहिए। सामाजिक दूरी, मास्क पहनना, हाथों को बार-बार धोना और भीड़भाड़ में जाने से बचना होगा। उधर, एएसपी बवीता राणा ने बताया कि पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। बिना मास्क बाजार आने वालों के चालान किए जा रहे हैं। रविवार को नाहन में पांच लोगों के चालान किए गए। इसके अलावा एक दुकानदार सामान बेचता हुआ पाया गया। उस पर पांच हजार रुपये का जुर्माना ठोका गया है।