पांवटा में वार्डो में पड़े खाली प्लाटों में पड़ी गंदगी में लगाई गई आग।
- फोटो : NAHAN
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा नगर परिषद के शहरी क्षेत्रों में वर्षों से खाली प्लॉट लोगों के लिए आफत बनते जा रहे हैं। यहां कूड़े के ढेर लगाकर इनको कूड़ेदान बना दिया गया है। कुछ शरारती तत्व कूड़े में आग भी लगा देते हैं जिससे साथ लगते घरों में जहां आग लगने का खतरा बना रहता है वहीं आसपास क्षेत्र के बुजुर्गों और बच्चों को धुएं के कारण सांस लेने में भी दिक्कतें होती हैं।
पांवटा निवासी मनिंदर सिंह मन्नी, अर्जुन खुराना, शाहबाज खान, पंकज भटनागर, भारत भूषण गोयल, जुल्फकार अली, प्रदीप सिंह, सुनील शर्मा, रुचि वर्मा और प्रतिभा का कहना है कि हर वार्ड में वर्षों से दो दर्जन से अधिक खाली प्लॉट पड़े हैं। जहां भी देखो, वहीं इन खाली प्लॉट का इस्तेमाल कूड़ा-गंदगी फेंकने के लिए किया जा रहा।
पॉश इलाकों वार्ड आठ व सात में भी यही हालात हैं। यहां कूड़े के ज्यादा ढेर होने पर शरारती तत्व इनमें आग लगा जाते हैं जिससे आसपास के घरों में आगजनी का खतरा तो बना हुआ है कि वही श्वास रोगियों, बुजुर्गों और बच्चों को भी दिक्कतें आती हैं। यहां पशुओं का भी जमावड़ा लगा रहता है। वहीं गंदगी से संक्रमण का भी खतरा बना हुआ है।
पांवटा नगर परिषद की अध्यक्षा निर्मल कौर और उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया ने बताया कि इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं। आग लगाते हुए पकड़े जाने पर उचित कार्रवाई होगी। जिन वार्डों में खुले प्लॉट में कूड़ा व गंदगी है, ऐसे प्लॉट मालिकों को नोटिस जारी करने और जुर्माना वसूलने पर भी आगामी बैठक में विचार-विमर्श होगा।