-विधायक अजय सोलंकी और प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर ने दी श्रद्धांजलि
-बैंक राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति और 1971 के युद्ध में नेतृत्व को किया याद
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। कांग्रेस भवन नाहन में शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर कांग्रेस मंडल ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विधायक अजय सोलंकी और प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर ने देश के विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा में उनके योगदान को याद किया।
सोलंकी ने कहा कि इंदिरा गांधी के कार्यकाल में 19 जुलाई 1969 को 14 बड़े वाणिज्यिक बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया गया, ताकि बैंकिंग सेवाएं आम जनता और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच सकें। वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध में उनके नेतृत्व में भारत को ऐतिहासिक विजय मिली और बांग्लादेश स्वतंत्र राष्ट्र बना।
रूपेंद्र ठाकुर ने कहा कि हरित क्रांति को मिली मजबूती से देश का कृषि उत्पादन बढ़ा। वर्ष 1974 में पोखरण में पहला परमाणु परीक्षण, 1972 में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और प्रोजेक्ट टाइगर की शुरुआत भी उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियां रहीं। उन्होंने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने, सिक्किम के भारतीय संघ में शामिल होने और 1975 में पहले भारतीय उपग्रह आर्यभट्ट के प्रक्षेपण का भी उल्लेख किया।
इनसेट
एनएसयूआई ने मरीजों और बच्चों को बांटे फल
नाहन। पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर एनएसयूआई सिरमौर की ओर से मेडिकल कॉलेज नाहन और आस्था स्कूल में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन मरीजों और आस्था स्कूल के बच्चों को फल बांटे।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अभय चौहान ने कहा कि फल वितरण कार्यक्रम के माध्यम से इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास किया गया है। जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और समाज सेवा के कार्यों में योगदान देना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई सिरमौर भविष्य में भी छात्रहित के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएगी।
नाहन में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित करते कांग्रेस विधा