नाहन (सिरमौर)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी सेल जिला सिरमौर ने सरकार से निजी क्षेत्र में ओबीसी वर्ग को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की है। ओबीसी विभाग के पदाधिकारियों का कहना है कि देश की आधी आबादी ओबीसी वर्ग से आती है। अपनी मांग को लेकर कांग्रेस ओबीसी सेल का एक प्रतिनिधिमंडल नाहन में उपायुक्त से मिला और मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल जिला अध्यक्ष जिया लाल शास्त्री, जोगी राम शर्मा, चैन सिंह, आशा शर्मा, जगन, राहुल आदि ने ज्ञापन के जरिए मुख्यमंत्री को बताया कि देश की आधी आबादी ओबीसी की है। इसलिए इस वर्ग के युवाओं को पक्की नौकरी दी जाए। ओबीसी वर्ग के उत्थान के लिए अलग से मंत्रालय बनाया जाए ताकि इस वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं सामने आ सके।
उन्होंने मेरिट के आधार पर ओबीसी वर्ग के लोगों को न्यायालय में नियुक्त करने की भी मांग की। इसके अलावा महिलाओं के लिए आरक्षित 33 प्रतिशत आरक्षण में से 27 प्रतिशत आरक्षण ओबीसी वर्ग की महिलाओं को देने की भी मांग की।