-मेडिकल कॉलेज के पुरुष मेडिकल वार्ड में अव्यवस्था पर भड़के तीमारदार
बोले, दाखिल मरीजों की सुध लेने वाला कोई नहीं, सफाई व्यवस्था पर उठाए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में कहीं ओपीडी में लंबी कतारें लग रही हैं तो कहीं वार्डों में अव्यवस्था का आलम बना हुआ है। सोमवार को पुरुष मेडिकल वार्ड में चिकित्सकों के समय पर राउंड पर नहीं पहुंचने से मरीजों और उनके परिजनों में गहरा रोष देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार सुबह के समय वार्ड में भर्ती मरीज चिकित्सकों के नियमित चेकअप का इंतजार करते रहे, लेकिन करीब दो घंटे तक कोई डॉक्टर राउंड पर नहीं पहुंचा। इससे मरीजों और तीमारदारों की परेशानी बढ़ गई। लोगों ने आरोप लगाया कि वार्ड में दाखिल मरीजों की सुध लेने वाला कोई नहीं था। बाद में मामले की सूचना चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) को दी गई, जिसके बाद चिकित्सक वार्ड में पहुंचे और मरीजों का चेकअप किया गया।
पांवटा साहिब निवासी बलबीर सिंह ने बताया कि वह अपने पिता को उपचार के लिए अस्पताल लेकर आए थे। रविवार को उनके सभी टेस्ट और अन्य रिपोर्ट आ चुकी थीं, लेकिन शाम को चिकित्सक उपलब्ध न होने के कारण छुट्टी नहीं मिल सकी। उन्हें उम्मीद थी कि सोमवार सुबह जल्दी डिस्चार्ज मिल जाएगा, मगर दोपहर 12 बजे तक कोई डॉक्टर वार्ड में नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि मरीजों और परिजनों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
आमवाला निवासी ओमपाल ने बताया कि रविवार को उनके पिता की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल लाया गया था। इमरजेंसी में उपचार के बाद उन्हें मेडिकल वार्ड में भर्ती कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि रविवार शाम से लेकर सोमवार दोपहर तक चिकित्सक मरीज को देखने नहीं पहुंचे। इसके अलावा रात के समय भी वार्ड में अव्यवस्था बनी रही। उन्होंने वार्ड की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मरीजों के अनुरूप स्वच्छता व्यवस्था नहीं दिखाई दी।
सैनवाला मुबारिकपुर निवासी दीपक ने बताया कि उनके दादाजी पुरुष मेडिकल वार्ड में उपचाराधीन हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड में व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं हैं। नियमित रूप से मरीजों की जांच नहीं हो रही और सफाई व्यवस्था भी प्रभावित है। सोमवार सुबह डॉक्टरों के राउंड पर नहीं पहुंचने से मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी। चिकित्सा अधीक्षक को सूचना देने के बाद दोपहर के समय चिकित्सकों ने वार्ड का दौरा कर मरीजों की जांच की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से व्यवस्थाओं में सुधार की मांग उठाई।
मेडिकल कॉलेज नाहन की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रेणु चौहान ने बताया कि वार्ड और ओपीडी के लिए नियमित ड्यूटी शेड्यूल जारी किया गया है। जैसे ही उन्हें वार्ड में चिकित्सक न पहुंचने की सूचना मिली, तुरंत डॉक्टर भेजकर राउंड करवाया गया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों की कमी बनी हुई है, बावजूद इसके प्रबंधन बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास कर रहा है। संवाद