सिरमौर में कोविड जांच के लिए रैट टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश
देश में बढ़ते कोरोना मामलों पर सीएमओ ने की वर्चुअल बैठक
सभी अस्पतालों में आइसोलेशन बिस्तर तैयार करने के भी निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अजय पाठक ने शनिवार को वर्चुअल बैठक के माध्यम से जिले में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में सभी जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी, मेडिकल अफसर और बीपीएम वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
देश में कोविड के बढ़ते मामलों पर चर्चा और मामलों से निपटने की तैयारी बैठक का मुख्य मुद्दा रहा। इसके अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अजय पाठक ने सभी को रैट टेस्टिंग बढ़ाने के दिशानिर्देश दिए। साथ ही प्रत्याशित कोविड मामलों के लिए अस्पतालों में आइसोलेशन बैड तैयार रखने के भी निर्देश दिए।
डॉ. अजय पाठक ने आम जनमानस से अपील की कि भीड़भाड़ वाली जगह में जाते समय मास्क का प्रयोग करें। खांसी करते समय मुंह रुमाल या हाथ या कोहनी से ढककर रखें। उन्होंने सर्दी से बचने की भी लोगों को सलाह दी।
सीएमओ ने कहा कि टेस्ट की सुविधा हर अस्पताल में उपलब्ध है। लक्षण आने पर रोगी निकटतम अस्पताल में जाकर सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अजय पाठक ने सभी चिकित्सा अधिकारियों को आयुष्मान भारत कैंपेन के अंतर्गत तय लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए, जिसमें आभा आईडी बनाना और गैर संक्रामक रोगों की स्क्रीनिंग मुख्य केंद्र बिंदु हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के समस्त फील्ड अधिकारियों व कर्मचारियों को लोगों को एक बार फिर से कोविड के नियमों का पालन करने के बारे में जानकारी प्रदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नियमों की अनुपालना ही कोविड से बचाव है। लोग सर्दी से बचें और जुकाम इत्यादि की शिकायत न होने दें। उन्होंने लोगों को दिनभर गर्म पानी पीने की सलाह दी।