सर्दी के मौसम को देखते हुए इन छोटे बच्चों को ठंड से बचाव में मदद मिलेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब। पुरुवाला(सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र के भैला गांव में उत्तर प्रदेशीय कल्याण समिति, पांवटा साहिब इकाई के सदस्य पहुंचे। सामाजिक सेवा की पहल करते हुए राजकीय प्राथमिक पाठशाला के लगभग 40 जरूरतमंद बच्चों को गर्म जर्सियां वितरित की गईं। सर्दी के मौसम को देखते हुए आयोजित इस पहल से बच्चों को ठंड से बचाव में मदद मिलेगी।
समिति के अध्यक्ष डॉ. संजीव गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेशीय कल्याण समिति केवल उत्तर प्रदेश के लोगों तक सीमित संगठन नहीं है, बल्कि पांवटा साहिब में रहने वाले सभी समाजों के कल्याण के लिए समर्पित है। उन्होंने बताया कि सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए भविष्य में जरूरतमंद बच्चों के लिए जूते सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाने के प्रयास भी किए जाएंगे। समिति की इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को सर्दी से बचाव के लिए सहायता प्रदान करने के साथ-साथ समाज के अन्य लोगों और संगठनों को भी सामाजिक सेवा के कार्यों के लिए प्रेरित करना है।
ग्राम भैला पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है, आसपास के गांवों के बच्चे पढ़ने आते हैं। इनमें से कई बच्चे प्रतिदिन कई किलोमीटर पैदल चलकर विद्यालय पहुंचते हैं। ऐसे में सर्दी के मौसम में बच्चों को गर्म कपड़े उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से समिति ने यह पहल की। समिति के विधि सलाहकार संदीप सिंह राजपूत ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे बड़ी संख्या में शिक्षा ग्रहण करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए समिति ने बच्चों को गर्म जर्सियां वितरित करने का निर्णय लिया।
इस दौरान समिति के अध्यक्ष डॉ. संजीव गुप्ता, वरिष्ठ सदस्य नत्थीमल वर्मा, सुशील शर्मा, कौशल किशोर दीक्षित, रणबीर उपाध्याय, पुष्पेंद्र सिंह राजपूत और राजकिशोर त्यागी, संदीप सिंह राजपूत, संदीप तोमर, अजय तोमर और सुभाष तोमर मौजूद रहे।
-