ददाहू के खेल मैदान में होगा आयोजन, तहसीलदार ने बैठक में आयोजन की तैयारियों पर की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। गणतंत्र दिवस समारोह ददाहू के खेल मैदान में उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसमें स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। यह भी कार्यक्रम देशभक्ति पर आधारित रहेंगे।
गणतंत्र दिवस के सफल आयोजन को लेकर ददाहू में तहसीलदार जयसिंह ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व को मनाना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। इन पर्वों के आयोजन से जहां युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है, वहीं देश के महान सपूतों को स्मरण करने का भी मौका मिलता है। उन्होंने लोगों को कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इस मर्तबा गणतंत्र दिवस के मौके पर शिक्षा व खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ दो सफाई कर्मचारियों को भी विशेष सम्मान से नवाजा जाएगा। इस मौके पर एसएचओ प्रियंका चौहान, कार्यवाहक प्रधानाचार्य दीपराम शर्मा, बीईईओ सतीश शर्मा, मुख्याध्यापिका उषा रानी, ददाहू पंचायत के प्रधान पंकज गर्ग, उप प्रधान विजयपाल, महिला मंडल की प्रधान नीलम अग्रवाल व हरिराम शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व निजी स्कूलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।