घिनी घाड विकास मंच ने उठाई मांग
आंजी सियुत के पास हो रहा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। सराहां-किला कलांच सड़क पर आंजी सियुत के पास बरोटी और बरूण गांव के बीच निर्माणाधीन पुल में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने विभाग और सरकार से पुल निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2004-05 में इस स्थान पर पुल निर्माण का कार्य शुरू हुआ था, लेकिन यह आज तक पूरा नहीं हो पाया। करीब 18 वर्ष बाद जब दोबारा पुल का निर्माण शुरू हुआ है, तो ग्रामीणों ने इसमें लगाई जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर संदेह जताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की।
घिनी घाड विकास मंच के संयोजक डॉ. प्रदीप शर्मा, अध्यक्ष योगेंद्र पाल नागवान, टिकरी कुठार पंचायत के सदस्य दिनेश कुमार, प्रेम सिंह, जोगिंद्र, नेत्र सिंह, पवन पांडेय, बनी बखोली पंचायत के हेम चंद, गोविंद राम, मदन लाल, बलबीर सिंह तथा कथाड और मेहंदोबाग पंचायत के ग्रामीण चेतन शर्मा, रत्न सिंह, ईश्वर दत्त, माम राज, धीरज कुमार और सुरेश शर्मा ने आरोप लगाया कि घिनी घाड क्षेत्र की छह पंचायतों में चल रहे कई विकास कार्यों में गुणवत्ता को लेकर अनियमितताएं सामने आ रही हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि सराहां-किला कलांच मार्ग पर बन रहे पुल के निर्माण कार्य पर भी विशेष निगरानी रखी जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी तरह की तकनीकी खामी सामने न आए। उन्होंने सरकार और विभाग से मांग की है कि पुल निर्माण कार्य की मौके पर जांच कराई जाए।
पुल निर्माण को लेकर फिलहाल कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। विभाग की ओर से पुल के निर्माण कार्य की निगरानी और जांच की जा रही है।
-डीएस कौंडल, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग