-छत से तीन बार गिर चुका है प्लास्टर, स्वास्थ्य कर्मचारी हो चुका है घायल
-किसान सभा ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा, एक सप्ताह का अल्टीमेटम
संवाद न्यूज एजेंसी
नौहराधार (सिरमौर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहराधार में मरीजों को जर्जर भवन में इलाज करवाने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्वास्थ्य केंद्र की छत से प्लास्टर गिरने और पानी टपकने से मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद स्वास्थ्य केंद्र को नए भवन में स्थानांतरित नहीं किया गया है। किसान सभा नौहराधार ने इस पर रोष जताते हुए स्थानीय विधायक विनय कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। सभा ने एक सप्ताह के भीतर स्थानांतरित न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
किसान सभा के अध्यक्ष रवींद्र चौहान और सचिव दिनेश कुमार ने बताया कि मौजूदा भवन की हालत बेहद खराब है। अब तक छत से तीन बार प्लास्टर गिर चुका है, जिससे एक स्वास्थ्य कर्मचारी घायल हो गया था। एक हादसे के दौरान डॉक्टर भी बाल-बाल बच गए। भवन की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें हैं और छत से पानी टपकता रहता है। ऐसे में यहां आने वाले मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों को खतरे के बीच काम करना पड़ रहा है।
सभा पदाधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के लिए नया भवन बनकर तैयार है, लेकिन इसके बावजूद अस्पताल को वहां स्थानांतरित नहीं किया जा रहा है। इससे मरीजों को जर्जर भवन में ही उपचार करवाना पड़ रहा है। किसान सभा ने मुख्यमंत्री से स्वास्थ्य केंद्र को जल्द नए भवन में शिफ्ट करने और पुराने भवन को असुरक्षित घोषित कर सील करने की मांग की है। सभा ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आम जनता के साथ धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इनसेट
नौहराधार। बाहर खुले में हुई आशा कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक
सीएचसी नौहराधार के जर्जर भवन के चलते मंगलवार को आशा कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक का संचालन भी खुले में करना पड़ा। हालांकि आशा कार्यकर्ताओं की बैठक पूर्व में पंचायत घर में होती थी, लेकिन वहां कोई कार्यक्रम होने के चलते इसे सीएचसी में किया गया। आशा कार्यकर्ताओं ने भवन की हालत पर चिंता जताते हुए अस्पताल को नए भवन में जल्द शिफ्ट करने का आग्रह किया है।