रात करीब 11 बजे सो रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पांव पर गिरी परत
30 बिस्तरों का नया भवन तैयार, जरूरी सुविधाओं के अभाव में शुरू होने का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
नौहराधार (सिरमौर)। नौहराधार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के जर्जर भवन की छत से सीमेंट की भारी परत गिरने से रात की ड्यूटी पर तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नरेश कुमार घायल हो गए। घटना सोमवार देर रात करीब 11 बजे की है। गनीमत रही कि सीमेंट की परत उनके सिर के बजाय पांव पर गिरी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, नरेश कुमार रात के समय सो रहे थे, तभी अचानक छत से सीमेंट की परत टूटकर उनके पांव पर गिर गई। घटना के बाद डॉक्टर और स्टाफ नर्स ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। नरेश कुमार के अनुसार, घायल होने के बावजूद वह पूरी रात ओपीडी में बैठे रहे।
बताया जा रहा है कि इसी रात अस्पताल की लैब और दंत चिकित्सालय की छत से भी सीमेंट की परतें गिरीं। इन स्थानों पर पहले भी इस तरह की घटनाएं होने की बात सामने आई है। इसके बावजूद भवन की स्थिति में सुधार नहीं होने से अस्पताल के कर्मचारियों और उपचार के लिए आने वाले मरीजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
हालांकि, सीएचसी का 30 बिस्तरों वाला नया भवन बनकर तैयार है। इसका उद्घाटन 23 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन किसी कारणवश कार्यक्रम टाल दिया गया। जानकारी के अनुसार, नए भवन में अभी एक्स-रे मशीन और अल्ट्रासाउंड के लिए जरूरी बेड जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इनके अभाव में भवन को शुरू करने में देरी हो रही है।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब नया भवन तैयार है, तो उसे जल्द शुरू करने के लिए जरूरी सुविधाएं कब तक उपलब्ध करवाई जाएंगी। तब तक पुराने भवन में स्वास्थ्य सेवाएं जारी रहने के कारण कर्मचारियों और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है।
कोट
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कक्कड़ ने बताया कि सीएचसी की छत से सीमेंट की परत गिरने की जानकारी मिली है। वह अस्पताल का दौरा करेंगे। फिलहाल व्यवस्था को सुचारू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुराने भवन की मरम्मत के लिए एस्टीमेट भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद मरम्मत कार्य शुरू करवाया जाएगा।