नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर के शिलाई उपमंडल में सोमवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सोलन-मीनस सड़क पर एप्लाइड फॉर कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हैं। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल शिलाई ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर किया गया है।
सोमवार देर शाम सोलन-मीनस सड़क पर रोनहाट के मंदिर नाला के पास एप्लाइड फॉर टाटा पंच कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर खाई में जा गिरी। आसपास के लोगों और गाड़ियों में आ-जा रहे लोगों ने घायलों को किसी तरह कार से बाहर निकाला और सिविल अस्पताल शिलाई पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने 70 वर्षीय संत राम निवासी गांव नया पंजौड़ को मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा अनिल और प्रदीप निवासी गांव कुलाह और लायक राम निवासी गांव भापिल-द्राबिल घायल हो गए हैं। एसपी रमन कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस मौके पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सोलन-मीनस सड़क पर गिरी कार और अस्पताल में उपचाराधीन घायल।