देहरादून-चंडीगढ़ सड़क पर धौलाकुआं के समीप हुआ हादसा
माजरा थाना पुलिस जांच टीम ने मौके पर पहुंच तफ्तीश की शुरु
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा साहिब-कालाअंब-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। धौलाकुआं-बेहड़ेवाला के समीप निजी स्कूल बस और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हुई। हादसे में राजबन निवासी 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। माजरा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार शनिवार शाम को पांवटा साहिब के बातामंडी से एक निजी स्कूल की बस बच्चों को लेकर धौलाकुआं की तरफ जा रही थी। इसी दौरान निजी स्कूल बस और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पर सवार होकर पांवटा की तरफ आ रहे राजबन निवासी कपिल सिंह (24) पुत्र इंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही माजरा पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। माजरा थाना पुलिस टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है।
बता दें कि पांवटा साहिब क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। शायद ही कोई दिन ऐसा बीतता हो जब यहां छोटा या बड़ा कोई हादसा न हो। नेशनल हाईवे पर सबसे अधिक हादसे दर्ज किए जा रहे हैं। लगातार हो रहे हादसों से लोगों में दहशत और चिंता बढ़ रही है।
थाना प्रभारी माजरा जगत राम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।