सोलन-सिरमौर के बिना कवरेज वाले 161 गांवों में टॉवर लगाने का रखा है लक्ष्य
499 पंचायत मुख्यालयों को 7,500 किलोमीटर लंबी ओएफसी से जाएगा जोड़ा
दूरसंचार सलाहकार समिति की बैठक में बोले वरिष्ठ महाप्रबंधक जसपाल सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। बीएसएनएल सोलन व्यावसायिक क्षेत्र की दूरसंचार सलाहकार समिति की बैठक सांसद एवं समिति के अध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जसपाल सिंह, वरिष्ठ महाप्रबंधक बीएसएनएल सोलन समेत समिति के सदस्य विशेषरूप से मौजूद रहे।
जसपाल सिंह ने कहा कि भारतनेट परियोजना फेज-3 में सोलन और सिरमौर जिलों की 499 ग्राम पंचायत मुख्यालयों को लगभग 7,500 किलोमीटर ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) के माध्यम से जोड़ा जाएगा। जबकि हिमाचल प्रदेश में कुल 20,000 किलोमीटर लंबी ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाई जाएगी। इसकी अनुमानित लागत 2000 करोड़ है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत मुख्यालयों से जुड़े गांवों को मांग के आधार पर एफटीटीएच कनेक्शन से जोड़ा जाएगा। यह योजना स्कूल, आंगनबाड़ी, पंचायत कार्यालय, स्वास्थ्य केंद्रों, सरकारी संस्थानों और आम जनता को हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड सुविधा प्रदान करने का उद्देश्य रखती है। गांवों में कनेक्शन स्थानीय ग्रामीण उद्यमियों (भारतनेट उद्यमी) के माध्यम से सब्सिडी देकर दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 4जी सैचुरेशन परियोजना के अंतर्गत 174 मोबाइल टॉवर लगाने की योजना है। इसमें से 161 बिना कवरेज वाले गांवों (सोलन में 125 और सिरमौर में 136) को कवर करने के लिए योजना बनाई गई है, जिनमें से 129 टॉवर पहले ही चालू हो चुके हैं।
बैठक में सांसद सुरेश कश्यप ने मोबाइल सेवा की गुणवत्ता में सुधार एवं बीएसएनएल की सेवाओं के प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने उन क्षेत्रों में शीघ्र टॉवर स्थापना के निर्देश दिए जहां मोबाइल सेवा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने जहां भी टॉवर लगाए जाएं वहां पर बीएसएनएल की ओर से कार्यक्रम आयोजित करके लोगों को अपनी सेवाओं की जानकारी देने और प्रचार करने की बात कही। उन्होंने कुछ वह गांव भी बताए जहां पर टॉवर की जरूरत है। चूड़धार में मोबाइल टॉवर की स्थापना के लिए भी उन्होंने यथासंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर उपमहाप्रबंधक संजीव तोमर, सोलन बीए, सीएओ सोलन शैलेंद्र मोहन, राजीव सिंगला सहायक महाप्रबंधक, आईएफए व विक्रय, खजान सिंह सहायक महाप्रबंधक, निर्मल सिंह भुल्लर, अजय कुमार, पुनीत चोपड़ा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
संवाद