जब उजाले का आनंद लेना है तो अंधेरों को याद करना चाहिए : नड्डा
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया सिरमौर कार्यालय का उद्घाटन
सिरमौर में युवावस्था में बिताए दिनों को भी किया याद
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर में नवनिर्मित भाजपा कार्यालय का शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यालय देहरा की पट्टिका का लोकार्पण भी किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि भाजपा का जिला कार्यालय भी पार्टी को आत्मनिर्भर बनाने में बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। आज सिरमौर में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन हुआ है जिसका नंबर 563 वां है।
नड्डा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने वे दिन भी देखे हैं जब किराये के मकान में भाजपा कार्यालय चलता था। कभी भाजपा समर्थक से उनके दुकान के ऊपर की जगह लेकर कार्यालय चलाया करते थे। वहां कार्यक्रम करने के लिए व्यापार मंडल की दरी लाते और कार्यक्रम करते थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि जब उजाले का आनंद लेना है तो अंधेरों को याद करना चाहिए। अमावस्या को याद रखोगे तो पूर्णमासी का आनंद लोगे।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्य करने के स्थान को कार्यालय कहती है ऑफिस नहीं कहती है, क्योंकि ऑफिस दस बजे खुलता है और पांच बजे बंद हो जाता है। कार्यालय चौबीसों घंटे और 365 दिन चलता है। पार्टी का कार्यालय भारतीय जनता पार्टी के संस्कार केंद्र है।
नड्डा ने अपने युवा दिनों की याद करते हुए कहा कि जब वह पहले यहां आते थे, तब उनके मित्र और भाजपा कार्यकर्ता दुकानों से चंदा लेकर शिमला जाने के लिए बस का टिकट कटाकर उन्हें देते थे।
नड्डा ने कहा कि भाजपा एक वैचारिक पार्टी है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी आजादी के लड़ाई के लिए आई थी लेकिन सत्ता लोलुपता में कांग्रेस पार्टी यथावत चलती रही।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सदस्यता अभियान में सदस्य संख्या 7.50 करोड़ हो गई है। भाजपा 18 करोड़ सदस्यों की पार्टी है, हर छह साल पर नवीनीकरण होता है। भाजपा के निमंत्रण पर पार्टी कार्यालय में 60 देशों के राजदूत भारतीय जनता पार्टी को समझने आए हैं। चार देशों के प्रधानमंत्री भाजपा कार्यालय में आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 18 राज्यों में एनडीए की सरकार है। 13 राज्यों में विशुद्ध भाजपा की सरकार है। 58 प्रतिशत भूभाग पर भाजपा का कमल खिला हुआ है। 57 प्रतिशत जनता पर भाजपा राज कर रही है।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, सांसद सुरेश कश्यप, विधायक रीना कश्यप, पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं विधायक सुखराम चौधरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
नाहन के यशवंत नगर में भाजपा के जिला कार्यालय का शुभारंभ करते केंद्रीय मंत्री व भाजपा के राष्ट्र