- पांवटा साहिब में बूथ विवरणिका का हुआ विमोचन
संवाद न्यूज़ एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। भाजपा के पांवटा साहिब और गिरिपार-आंजभोज मंडलों की संयुक्त बैठक का आयोजन मंगलवार को पांवटा साहिब में किया गया। बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन, विधायक सुखराम चौधरी और जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में भाजपा की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन मंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि भाजपा का असली बल उसका अनुशासित संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि “संगठन की मजबूती ही आने वाले समय में हर विजय की नींव बनेगी।” विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच के अनुरूप प्रदेश में विकास के कार्य तेजी से चल रहे हैं और अब संगठन का दायित्व है कि इन कार्यों को हर घर तक पहुंचाया जाए।
बैठक के दौरान बूथ विवरणिका का विधिवत विमोचन किया गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता ने कहा कि बूथ ही पार्टी की असली शक्ति केंद्र है और हर कार्यकर्ता को अपने बूथ को सशक्त बनाने की दिशा में काम करना चाहिए। बैठक में दोनों मंडलों के अध्यक्षों सहित पार्टी के प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक व ग्राम केंद्र प्रमुख बड़ी संख्या में मौजूद रहे।