नगर परिषद नाहन के नवनिर्वाचित भाजपा पार्षदों ने शपथ ग्रहण समारोह में भाग नहीं लिया। नाहन नप के सभी पार्षदों ने एसडीएम नाहन टाशी संडुप को एक पत्र भेजकर सोमवार को निर्धारित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में नहीं आने के लिए निजी कारणों का हवाला देकर बैठक में नहीं पहुंचने की सूचना दी।
इससे पहले भाजपा समर्थित नौ पार्षदों ने उपायुक्त बीसी बडालिया सेे मिलकर सोमवार को पहली बैठक के संवैधानिक पहलुओं के बारे में जानकारी मांगी। नवनिर्वाचित पार्षद श्यामा देवी, अनीता शर्मा, नीलम सैणी, रेखा तोमर, मधु अत्री, शुभम सैनी, सरोज बाला, अविनाश गुप्ता एवं प्रदीप सहोत्रा ने हस्ताक्षरित पत्र के माध्यम से उपायुक्त के समक्ष अपनी मांगें रखीं। उन्होंने पूछा कि सोमवार को बुलाई बैठक नप की पहली बैठक मानी जाएगी या नहीं। वहीं, अगर पहली बैठक मानी जाएगी तो इसमें कितने पार्षदों पर चुनाव का कोरम पूरा होगा।
नव निर्वाचित भाजपा पार्षदों ने उपायुक्त से कहा कि सोमवार को हुई बैठक को पहली बैठक माना जाएगा तो दूसरी बैठक का कोरम कितना होगा। पहली बैठक में जिन सदस्यों की शपथ नहीं हुई, उनकी शपथ की प्रक्रिया कैसे होगी। उपायुक्त ने इन प्रश्नों के उत्तर के बाद ही चुने गए भाजपा पार्षद अगला कदम उठाएंगे।
नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि उपायुक्त बीडी बडालिया से मिलकर पार्षदों ने शपथ ग्रहण कार्यक्रम से लेकर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के चुनाव की संवैधानिक जानकारी मांगी है। उन्होंने कहा कि नाहन बीडीसी बैठक में रविवार को हंगामों और धक्काशाही का पुनरावृत्ति न हो।
कांग्रेस के चार पार्षदों ने ली शपथ
नगर परिषद के सभागार में सोमवार को निर्धारित समय सुबह 11 बजे कांग्रेस के चार पार्षद वार्ड-6 से जीते योगेश गुप्ता, वार्ड नंबर-7 से जीतकर आए राकेश गर्ग, वार्ड नंबर-18 से विजयी कपिल गर्ग और वार्ड-11 से विजयी हरप्रीत कौर को एसडीएम नाहन टाशी संडुप ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ तहसीलदार आरडी हरनोट भी मौजूद थे।