संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा साहिब-कालाअंब एनएच-07 पर बद्रीपुर चौके से लेकर बाता पुल तक वाहन मरम्मत और स्पेयर पार्ट की दुकानें हैं। यहां दूरदराज गिरिपार क्षेत्र समेत जिलेभर से लोग अपने वाहनों की मरम्मत, फ्यूल भरवाने और रंगरोगन करवाने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन तिब्बती कॉलोनी में लाइन में फाल्ट आने से वीरवार को केदारपुर भूपपुर क्षेत्र मेें करीब चार घंटे तक बिजली गुल रही। इन दिनों क्षेत्र में 42 से 43 डिग्री तक तापमान पहुंच रहा है, जिससे वाहन मालिक, चालक और मिस्त्री समेत काम करने वाले मजदूर खासे परेशान रहे। गिरिपार क्षेत्र से पहुंचे नारायण शर्मा, मनोज चौहान, केदारपुर निवासी इस्लाम पेंटर, जाकिर अली, साकिर अली, मोहित सिंह और समीर ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से पांवटा साहिब में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। ऐसे में वाहन मरम्मत करने वाले मिस्त्री और मजदूर रोजी-रोटी के लिए दिनभर पसीना बहाते है, लेकिन वीरवार को हालात और ज्यादा खराब हो गए। जब वाहनों की मरम्मत के ठीक समय पर बिजली गुल हो गई। इससे उपभोक्ता काफी हताश, नाराज और गर्मी से परेशान दिखे।
तिब्बती कॉलोनी के समीप लाइन में तकनीकी खराबी
बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता पांवटा साहिब अंकुर शर्मा ने कहा कि तिब्बती कॉलोनी के पास बिजली आपूर्ति लाइन में तकनीकी खराबी आने से दिक्कत पैदा हुई है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर लाइन ठीक करने में जुट गई और लाइन की मरम्मत के बाद बिजली लाइन को सुचारु करवा दिया है।
...