पांवटा साहिब में क्षेत्र स्तरीय भारत को जानो प्रतियोगिता-2025 का आयोजन
कनिष्ठ वर्ग में पंजाब दक्षिण प्रांत का डीएवी पब्लिक स्कूल कोटकपूरा प्रथम रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। भारत विकास परिषद पांवटा शाखा के सौजन्य से भारत विकास परिषद उत्तर क्षेत्र-1 के तत्वाधान में क्षेत्र स्तरीय भारत को जानो प्रतियोगिता 2025 का आयोजन एवीएन रिजॉर्ट पांवटा साहिब में हुआ। इसमें उत्तर क्षेत्र वन के अंतर्गत 8 प्रांतों की टीमों ने भाग लिया। वरिष्ठ वर्ग में चंडीगढ़ प्रांत के सेंट सोल्जर डिवाइन पब्लिक स्कूल नंगल तथा कनिष्ठ वर्ग में पंजाब दक्षिण प्रांत का डीएवी पब्लिक स्कूल कोटकपूरा प्रथम रहा है।
क्षेत्र स्तरीय भारत को जानो प्रतियोगिता 2025 में मुख्य अतिथि के रूप में व्यवसायी एवं समाजसेवी पांवटा साहिब मदन मोहन शर्मा और विशिष्ट अतिथि समाजसेवी व पांवटा प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन, क्षेत्रीय अध्यक्ष सुशील शर्मा और पर्यवेक्षक केवल कृष्ण अरोड़ा, अशोक टंडन प्रांत अध्यक्ष भारत विकास परिषद हिमाचल, पूर्व अध्यक्ष अनिल सैनी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय महासचिव पंकज जिंदल ने किया।
क्षेत्रीय महासचिव पंकज जिंदल और अजय शर्मा ने बताया कि क्षेत्र स्तरीय भारत को जानो प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में चंडीगढ़ प्रांत के सेंट सोल्जर डिवाइन पब्लिक स्कूल नंगल की टीम प्रथम, पंजाब नॉर्थ शाखा के तहत डीएपी पब्लिक स्कूल अमृतसर ने द्वितीय स्थान तथा पंजाब पूर्व क्षेत्र के तहत आने वाले स्टीफन इंटरनेशनल स्कूल संगरूर की ओर से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं, कनिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान पंजाब दक्षिण प्रात के अंतर्गत डीएपी पब्लिक स्कूल कोटकपूरा ने, पंजाब उत्तर प्रांत के अंतर्गत स्प्रिंग डैक विद्यालय अमृतसर ने द्वितीय स्थान एवं चंडीगढ़ प्रांत के अंतर्गत आने वाले गोल्डन बेल पब्लिक स्कूल मोहाली ने तृतीय स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान ग्रहण करने वाली टीमों को ट्रॉफी, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
क्षेत्र स्तरीय भारत को जानो प्रतियोगिता 2025 के उद्घाटन सत्र में विशिष्ट अतिथि राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने अपने संबोधन में भारत विकास परिषद की सामाजिक, सांस्कृतिक मान्यताओं से जुड़ी संस्कार प्रमुख गतिविधियों के संचालन के लिए विशेष साधुवाद प्रेषित किया। मुख्यातिथि मदन मोहन शर्मा ने भारत को जानो जैसी प्रतियोगिताओं के आयोजन के द्वारा वर्तमान पीढ़ी में संस्कार युक्त शिक्षा-दीक्षा का प्रभाव बढ़ाने में भारत विकास परिषद के सहयोग की विशेष रूप से प्रशंसा की है।
इस अवसर पर डॉ. भूपेश धीमान, नीरज गोयल, दिनेश गुप्ता, अनिल सैनी, नीरज उदवानी, नीरज बंसल, अजय शर्मा, अरुण शर्मा और सत्यम शर्मा मौजूद रहे।
संवाद
...