पांवटा में 29 नवंबर को निकलेगी भगवान जगन्नाथ रथयात्रा
यात्रा के आयोजन को लेकर बैठक में चर्चा, कमेटियों का गठन
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब। शहर में 29 नवंबर को भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा धूमधाम के साथ निकाली जाएगी।
रथयात्रा को लेकर श्री जगन्नाथ सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष हरविंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई जिसमें विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया।
श्री जगन्नाथ सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष हरविंद्र कुमार अरोड़ा ने बताया कि शहर की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि सदस्यों ने बैठक में शिरकत की। बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि रथयात्रा बद्रीपुर शिव मंदिर से सुबह 10:00 बजे शुरू होगी।
यात्रा बद्रीपुर गोविंद सिंह चौक, शमशेरपुर, मुख्य बाजार, गीता भवन होते हुए भगवान श्री विश्वकर्मा मंदिर पर संपन्न होगी जहां पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान बैठक में आयोजन संबंधी सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा के साथ-साथ विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया। यात्रा के दौरान जगह-जगह लगने वाले स्टॉल के बारे में भी बैठक में चर्चा के बाद जगह भी चयनित की।
गौरतलब है कि रथयात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान श्री जगन्नाथ जी के रथ को भक्तों की ओर से खींचा जाना और हरिनाम संकीर्तन होगा जो शहर को भक्तिमय वातावरण प्रदान करता है।
इस बार भी रथयात्रा स्वामी भक्तियोग महाराज मधुवन आश्रम, ऋषिकेश की प्रेरणा और मधुवन आश्रम, ऋषिकेश परमानंद दास महाराज की उपस्थिति में होगी।
बैठक में श्री जगन्नाथ सेवा ट्रस्ट के सदस्यों सहित भगवान श्री विश्वकर्मा मंदिर, शिव मंदिर बद्रीपुर, सब्जी मंडी समिति, सनातन धर्म सभा, खाटूश्याम समिति, भारत विकास परिषद, रोटरी क्लब, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, नव शिवशक्ति युवा मंडल सहित पांवटा साहिब के सभी धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के सदस्य मौजूद रहे।
संवाद