भगानी स्कूल में एसएमसी के अध्यक्ष बने परमजीत सिंह, अन्य सदस्य, स्टॉफ व अभिभावक।। स्रोत: स्टॉफ
-परमजीत सिंह को 104 मत और उनके प्रतिद्वंद्वी इकराम अली को 59 मत मिले
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भगानी में एसएमसी चुनाव संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भगानी में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस बेहद दिलचस्प और सरगर्मी भरे मुकाबले में परमजीत सिंह ने 45 मतों से शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विकास प्राथमिकता रहेगी।
भगानी विद्यालय परिसर में आयोजित इस आम सभा और मतदान प्रक्रिया में अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। चुनाव अधिकारी की देखरेख में हुई इस वोटिंग में कुल पड़े मतों में से परमजीत सिंह को 104 वोट मिले। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी इकराम अली को 59 वोटों से संतोष करना पड़ा। इस तरह परमजीत सिंह ने 45 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल कर एसएमसी के अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
जीत के बाद नवनियुक्त एसएमसी अध्यक्ष परमजीत सिंह का स्कूल स्टाफ और स्थानीय ग्रामीणों की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने सभी अभिभावकों का आभार जताते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाना, बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूल प्रशासन के साथ मिलकर काम करना ही उनकी मुख्य प्राथमिकता रहेगी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षक वर्ग और भारी संख्या में स्थानीय गण्यमान्य व्यक्ति और अभिभावक मौजूद रहे।-