एनएच-07 पर जर्जर पुल और खतरनाक चौक पर हादसों की आशंका को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए अश्व
कांग्रेस ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, डिवाइडर में बदलाव की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब को हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-07 की खस्ताहालत को लेकर कांग्रेस ने आवाज उठाई है। जिला कांग्रेस कमेटी सिरमौर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अश्वनी कुमार शर्मा ने इस संबंध में एसडीएम पांवटा साहिब को ज्ञापन सौंपकर सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की है।
अश्वनी ने बताया कि पांवटा से करीब दो किलोमीटर दूर बाता नदी पर बना पुराना पुल इस बार भारी बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। इस मार्ग पर पहले दो पुल थे, जिनमें एक से आने और दूसरे से जाने की व्यवस्था थी। पुराना पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद अब दोनों तरफ का यातायात नए पुल से ही संचालित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि इसके चलते महादेव चौक पातलियों के पास बना डिवाइडर अब हादसों का कारण बन रहा है। पहले जब दोनों पुल चालू थे तो यह डिवाइडर ठीक था, लेकिन अब एक ही पुल से दोनों तरफ का यातायात चलने के कारण महादेव चौक पर नाहन और यमुनानगर की ओर से आने वाले वाहनों को परेशानी हो रही है। इससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने मांग की कि महादेव चौक पर डिवाइडर में आवश्यक सुधार कर दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहनों के लिए सुगम रास्ता बनाया जाए।