नाहन/धौलाकुआं। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से शुक्रवार को माजरा में पौधरोपण अभियान चलाया गया। रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स, रोटरी कम्युनिटी कॉप्स धौलाकुआं और रोटरी कम्युनिटी कॉप्स सिरमौर ऑफ नाहन के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न प्रजातियों के 150 पौधे रोपे गए। अभियान की अध्यक्षता माजरा के रेंज ऑफिसर सचिन शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के बाद नियमित सिंचाई, सुरक्षा और निगरानी जरूरी है, जिसकी व्यवस्था वन विभाग की ओर से की जाएगी। नीम, पीपल, अमरूद, आंवला, हरड़, अर्जुन और अमलतास के अलावा दो लाल चंदन व दो सफेद चंदन के पौधे लगाए गए। क्लब की प्रधान प्रगति सबलोक ने कहा कि पौधरोपण के साथ देखभाल भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि क्लब की ओर से हाल ही में मॉडल सेंट्रल जेल नाहन में 50 और आर्मी एरिया में 150 पौधे लगाए गए हैं। रोटरी कम्युनिटी कॉप्स के प्रधान रमेश कुमार और अजय कुमार तोमर ने पौधे उपलब्ध करवाने के लिए पर्यावरण चेयरमैन राजीव बंसल का आभार जताया। इस मौके पर सुशील अत्तरी, राकेश थापा, डॉ. सुरेश कुमार सबलोक, विकास गोयल, यशवंत ठाकुर, विनीत गुप्ता, मलकीत सिंह मौजूद रहे।