17 पंचायतों के लोगों को झेलनी पड़ेगी भारी दिक्कतें : नितिन शर्मा
बार एसोसिएशन पांवटा की अनिश्चितकालीन हड़ताल 8वें दिन भी जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। बार एसोसिएशन पांवटा की अनिश्चितकालीन हड़ताल 8वें दिन भी जारी रही।
दरअसल, माजरा थाना क्षेत्राधिकार के तहत आने वाली सभी पंचायतों को नाहन अदालत के अधीन करने को लेकर विरोध किया जा रहा है। इस दौरान अधिवक्ता उच्च न्यायालय से पहले की तरह की माजरा क्षेत्र को पांवटा साहिब अदालत के अधीन करने की मांग उठा रहे हैं।
शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग भी अधिवक्ताओं से मिलने पहुंचे। बार एसोसिएशन ने पूर्व विधायक को भी नई व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को होने वाली दिक्कतों से अवगत करवाया।
बार एसोसिएशन पांवटा इकाई के प्रधान नितिन शर्मा ने कहा कि माजरा थाना के तहत पड़ने वाली 17 पंचायतों के लोगों को दिक्कतें होंगी। माजरा पुलिस थाना में पड़ने वाली इन पंचायतों के लोगों को पांवटा साहिब केवल 6 किमी पड़ता है।
नई व्यवस्था से नाहन 40 किमी की दूरी पड़ेगी जिससे आर्थिक व समय दोनों ही ज्यादा खर्च होगा। पांवटा बार संघ के अधिवक्ताओं ने माजरा थाने को लेकर जारी अधिसूचना पर फिर से विचार करने की मांग रखी है। पहले की तरह व्यवस्था जारी रखने की मांग को लेकर अनिश्चतकालीन हड़ताल पर है।
इस अवसर पर बार संघ पांवटा के वरिष्ठ अधिवक्ता टीएस शाह, एसआर शर्मा, ओपी चौहान, राजेंद्र शर्मा, आत्मा राम शर्मा, दिनेश तोमर समेत पांवटा बार इकाई के अधिवक्ता मौजूद रहे।